राजनीति
Trending

छत्तीसगढ़ से मोदी कैबिनेट में एक और मंत्री!…ओम माथुर के साथ रमन, साव, चन्देले सहित कई भाजपा सांसद पहुंचे दिल्ली…14 जनवरी के बाद हो सकता है केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल

आशीष साहू. केंद्रीय कैबिनेट में बदलाव की सुगबुगाहट शुरू हो गयी है। माना जा रहा है कि 14 जनवरी के बाद केंद्रीय कैबिनेट में बदलाव हो सकता है। अटकलों के बीच छत्तीसगढ़ से भी केंद्रीय मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व की चर्चाएं जारी है। अभी केंद्रीय मंत्रिमंडल में छत्तीसगढ़ से सिर्फ रेणुका सिंह ही शामिल हैं, चर्चा है कि एक और सांसद को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता दिल्ली रवाना हुए हैं। लगभग सभी सांसदों के दिल्ली जाने के की खबर है। सांसद सुनीला सोनी, सरोज पांडेय, संतोष पांडे और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव भी दिल्ली गए हैं। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल भी दिल्ली रवाना हुए हैं। डॉ रमन सिंह को भी दिल्ली बुलाया गया है। ये सारी की सारी कवायद मोदी कैबिनेट में होने जा रहे बदलाव से जोड़कर देखी जा रही है। माना जा रहा है कि सभी सांसदों से रायशुमारी के बाद एक नाम पर सहमति बनाकर केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह देने पर विचार किया जा सकता है। भाजपा की ओर से आधिकारिक रूप से इस दौरे को लेकर कुछ कहा नहीं गया है।

बीजेपी के सांसद दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात करेंगे। पार्टी सूत्रों की मानें तो दिल्ली में एक हाई लेवल मीटिंग होने जा रही है। इस मीटिंग में मोदी कैबिनेट में किसे जगह दी जाए इस पर रायशुमारी होगी। प्रदेश के सांसद इस बात पर जोर देंगे कि प्रदेश से भी किसी चेहरे को मोदी कैबिनेट में जगह दी जाए। इसी वजह से तमाम नेता दिल्ली पहुंचे हैं।

बीजेपी के सूत्रों के मुताबिक, पार्टी संगठन में भी बड़े बदलाव की संभावना है. मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल 20 जनवरी को समाप्त हो रहा है. वहीं, पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भी जनवरी में आयोजित होनी है. वहीं, अगले साल 9 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं. इसके अलावा, 2024 में लोकसभा चुनाव हैं. कहा ये भी जा रहा है कि कुछ बड़े चेहरों को भी मंत्रिमंडल से छुट्टी दी जा सकती है. मंत्रिमंडल में ये बदलाव लोकसभा चुनाव से पहले आखिरी बार किया जा रहा है. इसलिए बजट से पहले ही मोदी कैबिनेट में बदलाव किया जा रहा है।

सूत्रों ने माने तो जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं वहां के राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल में बदलाव किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए अहम राज्य है। 15 सालों तक यहां सत्ता रहने के बाद इस बार सत्ता में लौटने का सियासी टास्क है। केंद्रीय संगठन भी छत्तीसगढ़ पर फोकस किए हुए है। प्रदेश के विजय बघेल, गुहाराम अजगले जैसे नामें की चर्चा तेज है।

Back to top button
close