देश - विदेश

पिछली सरकार प्रो. खेरा के स्कूल के लिए 20 लाख स्वीकृत कर भूली, मुख्यमंत्री को जैसे ही चला मालूम तो तुरंत दिलवाई चेक, डॉक्टरों को सीएम ने दिए बेहतर इलाज के निर्देश

बैगा आदिवासियों के कल्याण के लिए तन मन से सेवा करने वाले प्रोफेसर और प्रसिद्ध समाजसेवी पी.डी. खेरा का इन दिनों अपोलो अस्पताल में इलाज चला रहा है | मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार को बिलासपुर प्रवास के दौरान प्रोफेसर और प्रसिद्ध समाजसेवी पी.डी. खेरा से अस्पताल में जाकर मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने खेरा के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की तथा चिकित्सकों को उनका बेहतर से बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए।

बता दें कि डॉ खेरा का बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा है। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री को बताया गया कि खेरा द्वारा बैगा आदिवासियों के शैक्षणिक उत्थान के लिए मुंगेली जिले के ग्राम छपरवा में स्कूल संचालित किया जा रहा है, जिसके लिए पूर्व में 20 लाख रूपए की राशि राज्य शासन द्वारा स्वीकृत की गई थी, लेकिन वह राशि अब तक प्राप्त नहीं हुई है। मुख्यमंत्री बघेल ने इसे गंभीरता से लिया और अधिकारियों को तत्काल स्वीकृत राशि खेरा की संस्था को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर  जिला पंचायत मुंगेली द्वारा डॉ  खेरा को 20 लाख रूपए का चेक प्रदान कर दिया गया। डॉ  खेरा ने इसके लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और उन्हें छपरवा आने का न्यौता दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।


बता दें कि डॉ खेरा लम्बे समय से मुंगेली जिले के अचानकमार क्षेत्र में विशेष पिछड़ी बैगा जनजाति के शैक्षणिक और सामाजिक उत्थान के लिए काम कर रहे हैं। उनके द्वारा स्वयं के खर्च पर ग्राम छपरवा में हायर सेकेण्डरी स्कूल संचालित किया जा रहा है। पूर्ववर्ती सरकार द्वारा इस स्कूल के लिए 20 लाख रूपए की राशि स्वीकृत की गई थी, किन्तु उस राशि का भुगतान नहीं किया गया था। मुख्यमंत्री बघेल के संज्ञान में आज यह बात आने पर उन्होंने इसे गंभीरता से लिया और अधिकारियों को आज ही स्वीकृत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश के दो घण्टे के भीतर ही अधिकारियों द्वारा स्वीकृत राशि का चेक खेरा को उपलब्ध करा दिया गया।

Back to top button
close