देश - विदेश

सरगुजा सांसद रेणुका सिंह बनी आदिवासी मामलों के मंत्रालय की राज्य मंत्री, जानिए कौन है रेणुका सिंह

प्रदेश के तेजतर्रार छवि वाली आदिवासी नेत्री सरगुजा सांसद रेणुका सिंह को आदिवासी उत्थान के लिए बड़ी जिम्मेदारी दी गई, मोदी सरकार ने रेणुका सिंह को आदिवासी मामलों के मंत्रालय में केन्द्रीय राज्य मंत्री बनाया है, वे आदिवासी मामलों के मंत्रालय मंत्री अर्जुन मुंडा के अधीन कार्य करेंगी |

बता दें कि छत्तीसगढ़ से राज्य मंत्री बनने वाली सांसद रेणुका सिंह पहली महिला है, इससे पहले राज्य से जितने भी केंद्रीय मंत्री बने हैं, सभी पुस्र्ष थे, वे राज्य से एक मात्र सांसद है जिन्हें मोदी टीम में जगह मिली है | रेणुका सिंह को 2018 विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिला लेकिन पार्टी ने उन्हें सरगुजा लोकसभा सीट से इस वर्ष चुनाव मैदान में उतारा गया था |

लोकसभा चुनाव में रेणुका सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी व प्रेमनगर से वर्तमान विधायक खेलसाय सिंह को 1 लाख 57 हजार से अधिक वोटों से हराया। तेजतर्रार नेत्री की कामयाबी यहीं खत्म नहीं हुई। पहली बार सांसद बनते ही उन्हें पीएम मोदी के मंत्रिमंडल में शामिल करने का न्यौता भी मिल गया।

बता दें कि नवनिर्वाचित सांसद रेणुका सिंह का राजनीतिक सफर जनपद सदस्य बनने से शुरु हुआ था, इसके बाद से उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। छत्तीसगढ़ में 2003 में पहली बार जब भाजपा की सरकार बनी तो रेणुका सिंह विधायक बनीं थी। इस दौरान उन्हें महिला बाल विकास मंत्री बनाया गया था।

सरगुजा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रेणुका सिंह पिता फूल सिंह 58 वर्ष सूरजपुर जिले के सुभाष चौक रामानुजनगर निवासी हैं. रेणुका सिंह ने हायर सेकेंडरी स्कूल तक की पढ़ाई की है. रेणुका सिंह वर्ष 2000-03 तक अविभाजित मध्यप्रदेश में भाजपा रामानुजनगर मंडल की प्रथम महिला अध्यक्ष बनी थीं. वर्ष 2000 से 2003 तक रामानुजनगर जनपद सदस्य निर्वाचित होने के अलावा 2001 से 2003 तक समाज कल्याण बोर्ड की सदस्य भी रह चुकी हैं. वर्ष 2002 से 2004 तक भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री रहीं. वर्तमान में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं |

Back to top button
close